संदीपनी मुनि विद्यालय में पुलिस कर्मियों को राखी बांधती विद्यालय की बालिकाएं।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। सुरक्षा आपकी संकल्प हमारा यूपी पुलिस के इस स्लोगन का एहसास कराने को सांदीपनि मुनि स्कूल की पहल पर छात्राओं ने बृहस्पतिवार को पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर सुरक्षा का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। स्कूल की प्रधानाचार्य रश्मि मिश्रा ने बताया कि पुलिस हमारी रक्षक है। यह एहसास कराने के लिए स्कूल ने रक्षासूत्र बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया है। रक्षाबंधन पर्व को अभी भले ही तीन दिन बाकी हों लेकिन बेटियों को सुरक्षा की हर समय दरकार है।
फिर वह सुरक्षा पुलिस से मिले या परिजनों से, बेटियों को सुरक्षा का एहसास कराने के लिए सांदीपनि मुनि स्कूल ने ये प्रयास किया, जिसमें बेटियों में पुलिस को लेकर बना असुरक्षा का माहौल खत्म हो और वो बेझिझक पुलिस से अपनी परेशानी साझा कर सकें।
इस अवसर पर स्कूल की छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर अपनी सुरक्षा का संकल्प लिया। पुलिसकर्मियों ने भी बालिकाओं को हर संभव सुरक्षा का भरोसा दिलाया। स्कूल की छात्राएं भी पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर खासी उत्साहित दिखीं। छात्राओं का कहना है कि पुलिस को लेकर उनके मन में जो छवि बनी हुई थी। वह राखी बांधने से खत्म हो गयी। अब हमारा विश्वास पुलिस पर बढ़ा है।