मथुरा। कोसीकलां में नकली घड़ी पकड़े जाने के बाद व्यापारियों से वार्ता करते कंपनी के अधिकारी।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। टाइटन, सोनाटा, एचएमटी नामी कंपनी के नाम से बेची जा रही नकली घड़ियों के साथ पुलिस ने एक दुकानदार को हिरासत में लिया है। शिकायत के आधार पर टाइटन कंपनी के रीजनल मैनेजर ने पुलिस के साथ एक दुकान पर छापा मारा। इस दौरान नामी कंपनियों की 191 कंपनियां मिलीं। इन्हें असेंबल करके बेचा जा रहा था।
मुंबई स्थित टाइटन कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर सोमवार की शाम छापा मारा। कंपनी के अधिकारी को सूचना मिली नगर में टाइटन और सोनाटा के नाम पर नकली घड़ियां बाजार में बिक रही हैं। सोमवार शाम को टाइटन कंपनी के रीजनल मैनेजर गौरव तिवारी ने सिटी इंचार्ज मनिंद्र सिंह के साथ घंटाघर पर शर्मा वॉच कंपनी की दुकान पर छापा मारा।
इस दौरान टीम ने दुकान से टाइटन, सोनाटा, एचएमटी आदि ब्रांडों की 191 घड़ियां बरामद की। तिवारी ने बताया कि दुकानदार अलग-अलग सामान लगाकर घड़ी तैयार करके बेच रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने दुकानदार अजय कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। देर शाम कंपनी के अधिकारी थाने में जमे रहे। दुकानदार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिले में 14 टीमों ने की कार्रवाई
टीम के रीजनल मैनेजर गौरव तिवारी ने बताया कि कंपनी की 14 टीमों ने जनपद में सोमवार को छापा मारा। जिसमें सबसे अधिक बरामदगी कोसी से हुई।