सिकंदरा के परीक्षा केंद्र से जेईई मेन की परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी
- फोटो : Agra City
आगरा। जेईई मेंस के तीसरे चरण की परीक्षा मंगलवार से शुरू हुई। जिले के छह केंद्रों पर दो पाली में परीक्षा कराई गई। अभ्यर्थियों को मार्च में हुई परीक्षा की अपेक्षा इस बार प्रश्नपत्र कठिन लगा। अभ्यर्थियों ने बताया कि मैथ्स में 12वीं के पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न भी पूछे गए थे। भौतिक विज्ञान के प्रश्नों को भी हल करने में अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। केमिस्ट्री के प्रश्न सरल लगे।
परीक्षा के समन्वयक सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर के प्रधानाचार्य कृष्णकांत द्विवेदी ने बताया कि जिले में पहली पाली की परीक्षा में 905 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, 683 परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली की परीक्षा में कुल 909 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, 685 परीक्षा में शामिल हुए। फिरोजाबाद में भी दो केंद्रों पर परीक्षा हुई। सभी को मिलाकर कुल आठ केंद्रों पर 1,982 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1503 ने परीक्षा दी।
परीक्षा में एनसीईआरटी से बाहर के भी प्रश्न पूछे गए थे। मुझे मैथ्स की अपेक्षा फिजिक्स के प्रश्न अधिक कठिन लगे। - श्रेयांश शुक्ला, इटावा
पहले भी जेईई मेंस की परीक्षा दी थी। उसकी अपेक्षा फिजिक्स और केमिस्ट्री के प्रश्न ठीक थे, मैथ्स कठिन लगा। - हर्ष पाराशर, टूंडला
पहली बार जेईई मेंस की परीक्षा दी। मैथ्स के प्रश्न कठिन पूछे गए थे। फिजिक्स के प्रश्न औसत स्तर के रहे। - कशिश, जयपुर हाउस
जेईई मेंस की परीक्षा पहली बार दी। मैथ्स के प्रश्नों को हल करने में परेशानी हुई। 12वीं के पाठ्यक्रम से बाहर से प्रश्न आए थे। - रोनित गुप्ता, दयालबाग