सज गए मातारानी के मंदिर, आज होगी घट स्थापना
सुबह से शाम तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम, राजराजेश्वरी कैलादेवी मंदिर और वैष्णोदेवीधाम में उमड़ेगा भक्तों का सैलाब
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। चैत्र नवरात्र के लिए मंदिर सज गए हैं। बुधवार को घट स्थापना होगी। शहर के प्रमुख राजराजेश्वरी कैलादेवी मंदिर और वैष्णोदेवीधाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा। सुबह से देर शाम तक धार्मिक अनुष्ठान होंगे। शुभ मुहूर्त में प्रात: 6ः29 बजे से 7ः40 बजे के बीच घट स्थापना की जाएगी।
शहर के लेकर गांवों तक के देवी मंदिरों में नवरात्र को लेकर तैयारियां होती रहीं। राजराजेश्वरी कैलादेवी मंदिर, उसायनी स्थित मां वैष्णोदेवी धाम, कोटला रोड स्थित पथवारी माता मंदिर, महावीर नगर स्थित दुर्गा मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर माता की पूजा के लिए खास प्रबंध किए गए हैं। उधर नवरात्र को लेकर मंगलवार को बाजार में काफी गहमागहमी रही। देवी भगवती की आराधना के लिए श्रद्धालु पूजा पाठ की सामग्री जुटाने में व्यस्त दिखे। वहीं व्रत के दौरान फलाहार का इंतजाम करते लोगों को देखा गया। खासकर धूप, दीप, नारियल, चुनरी, मेवा और फलों की दुकानों पर ग्राहकों की अधिक भीड़ रही। त्योहार को देखते हुए अभी से फलों के दाम में बढ़ोतरी हो गई है।
भक्तों को खूब पसंद आई मां की लाल चुनरी
मंगलवार को पूजा सामग्री खरीदने बाजार पहुंची गृहणी सृष्टि ने बताया कि मां दुर्गा के लिए वैसे तो बाजार में एक से बढ़कर एक डिजाइनर चुनरी थी। लेकिन गोटा पत्ती वर्क वाली मां की चुनरी ही सबसे ज्यादा पसंद आई। चुनरी पर गोटा पत्ती के आलावा, हैंडवर्क, मोती वर्क और मिरर वर्क सभी को पसंद आ रहा है।
खरीदारों से गुलजार रहा बाजार
मां भवानी की पूजा-अर्चना के लिए मंगलवार को सुबह से शहर के चौक बाजार व ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में खरीदारों की भीड़ लगी रही। पूजन सामग्री की दुकानों में सुबह से ही लोगों ने खरीदारी की। नारियल, हवन सामग्री, चुनरी, माता की मूर्ति व तस्वीर के साथ ही फूल माला खरीदे।
मेवा और कुटू आटा की मांग बढ़ी
पंसारी की दुकानों पर खरीददारी करने वालों की भीड़ लगी थी। चैत्र नवरात्र पर नौ दिन तक व्रत रखने वाले लोग फलाहार के लिए कुटू, सिंघाड़ा आटा के साथ ही ड्राईफूड खरीद रहे थे। भोग लगाने के लिए मिश्री की भी लोगों ने खरीददारी की। पंसारी दुकानदार विकास ने बताया कि नवरात्र पर कुटू व सिंघाड़ा आटा के साथ ही ड्राईफूड की मांग 40 से 50 प्रतिशत बढ़ जाती है। फलों के दाम भी आसमान छूने लगे।
नारियल 40 से 50 रुपये बिका
कलश स्थापना के दौरान रखे जाने वाले नारियल को भी लोग जमकर खरीद रहे थे। मांग बढ़ने के चलते नारियल 40 से 50 रुपये प्रति पीस बिक रहा था। अखंड ज्योति जलाने के लिए देशी घी भी खूब बिका।
फलों के दाम प्रतिकिलो में
अंगूर 80-100
पपीता 50-55
खरबूजा 50-60
तरबूज 40-55
सेब 120 - 135
संतरा 70-80
अनार 100-120
केला 60-80
- राजराजेश्वरी कैलादेवी मंदिर मंदिर कार्यक्रम
सुबह चार से पांच बजे तक- मंगला दर्शन
- सुबह छह से सात बजे दर्शन
- सुबह सात से 7.45 बजे तक श्रृंगार के लिए पट बंद।
- सुबह आठ बजे से 11 बजे तक भव्य दर्शन
- सुबह 11 से 11.15 बजे तक राजभाग।
- सुबह 11.15 से एक बजे तक दर्शन।
- दोपहर एक से तीन बजे तक पट बंद।
- शाम सात बजे सायंकालीन आरती।
- रात्रि 10 बजे के बाद पट बंद।
..
देवी मंदिरों का निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त
फिरोजाबाद। नवरात्र को लेकर मंदिरों के आसपास साफ-सफाई और प्रकाश आदि के चाक चौबंद प्रबंध किये जायेंगे। नगर आयुक्त घनश्याम मीणा ने मंगलवार को शहर के प्रमुख कैला देवी मंदिर व अन्य धार्मिक स्थलों का दौरा किया। नगर आयुक्त ने धार्मिक स्थलों के आसपास सड़कों को गढ्डा मुक्त कराने के साथ ही सफाई कार्य के लिये अतिरिक्त टीम लगाने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ जेडएसओ संदीप भार्गव, अरविंद भारती, हरिओम वर्मा मौजूद रहे।