फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के बींजला गांव में मंगलवार की रात विवाहिता कमलेश (28) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव घर में छोड़कर ससुराल के लोग फरार हो गए। मायकेवालों ने ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना निबोहरा के इंस्पेक्टर अनुज कुमार सैनी ने बताया कि गांव बींजला निवासी रंजीत उर्फ भूरा की शादी चार साल पहले शमसाबाद के गढ़ी तुस्सा गांव की कमलेश से हुई थी। बुधवार की सुबह कमलेश की मौत की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को शव कमरे में फर्श पर मिला। ससुराल के सभी लोग फरार थे।
मायकेवालों ने बताया कि कमलेश की शादी चार साल पहले हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार की रात उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। एसओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायकेवाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अभी उनकी ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का पता चलेगा।