किरावली मृतक महिला रेखा का फाइल फोटो स्रोत स्वजन
किरावली। थाना क्षेत्र के ग्राम मोरी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की सास हेमलता, ससुर कुलदीप और पति नरेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
गांव नानपुर निवासी मांगेलाल ने पुलिस को बताया कि बेटी रेखा की शादी वर्ष 2019 में मोरी निवासी नरेंद्र उर्फ सोनू से की थी। आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये के अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर रेखा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। विवाद बढ़ने पर मामला आगरा स्थित परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंचा था। बीते 27 नवंबर को परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच एक लिखित समझौता हुआ था। इस समझौते में पति नरेंद्र ने भविष्य में रेखा को परेशान न करने और अपनी मां से अलग रहकर जीवन व्यतीत करने का वादा किया था। इसी समझौते और भरोसे के आधार पर मायके वालों ने रेखा को दोबारा ससुराल भेजा था। हालांकि, ससुरालियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। मृतका के पिता मांगेलाल ने बताया कि 4 अप्रैल को दामाद ने उन्हें फोन कर चार लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। अनहोनी की आशंका होने पर रविवार को जब परिजन बेटी का हाल जानने मोरी पहुंचे, तो घर पर ताला लटका मिला और वहां सन्नाटा पसरा था। खोजबीन करने पर उन्हें रेखा की मौत की जानकारी मिली। रेखा की मौत से उसके पांच वर्षीय बेटे नमन और दो वर्षीय बेटी नमंती के सिर से मां का साया उठ गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति सहित तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच और कार्रवाई की जा रही है मृतका रेखा का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।