आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नगला ब्रज गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार पलट गई। हादसे में ग्रीनलैंड कंपनी के मार्केटिंग ऑफिसर की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी संजय तिवारी (47) अपने चालक योगेंद्र (35) निवासी नगला अजीता थाना जगदीशपुरा के साथ कार से लखनऊ गए थे। वहां से शनिवार की शाम करीब 4:30 बजे लौट रहे थे। रास्ते में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सैफई क्षेत्र के नगला ब्रज गांव के पास ओवरस्पीड के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
विज्ञापन
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इस बीच यूपीडा की एंबुलेंस पहुंच गई। इससे दोनों को ही सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां संजय को मृत घोषित कर दिया गया। योगेंद्र का इलाज चल रहा है। पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई विजय तिवारी ने बताया कि पांच भाइयों में संजय सबसे बड़े थे। वह ग्रीनलैंड कंपनी में मार्केटिंग ऑफिसर थे। उनकी दो बेटियां हैं।