महिला सशक्तिकरण मैराथन दौड़ का स्वागत करते कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा की वरिष्ठ नेता दिवंगत विजयाराजे सिंधिया की जन्म शताब्दी पर आयोजित महिला सशक्तिकरण मैराथन दौड़ ग्वालियर से शुरू होकर आगरा होते हुए रविवार को मथुरा पहुंची। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने मैराथन दौड़ का जोरदार स्वागत किया।
मैराथन दौड़ में शामिल महिलाओं के जनपद सीमा में प्रवेश करते ही बाइकों पर सवार युवा मोर्चा कार्यकर्ता ने देशभक्ति नारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय सहित राष्ट्रीय मंत्री, कैबिनेट मंत्री व विधायक मौजूद रहे।
हिंदुस्तान कॉलेज में आयोजित समारोह में महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय राहटकर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण दौड़ राजमाता को एक अनूठी श्रद्धांजलि है। महिला सशक्तिकरण के बगैर देश व परिवार आगे नहीं बढ़ सकता है।
ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भाजपा सरकार अहम काम कर रही है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि कार्यक्रम पर जोर दिया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि अब लड़का और लड़की में अंतर नहीं रहा है।
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने महिला सशक्तिकरण के लिए राजमाता के कार्य का उल्लेख किया। कार्यक्रम समापन पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ जीतो चुनाव जीतो का फार्मूला सुझाया।