गांव अड़ींग में कथित ठगी के आरोप में लोगों ने एक युवक को पकड़ कर यातनाएं दी। उसे खंभे से बांध कर जूते-चप्पलों व डंडों से खूब पीटा। इतना ही नहीं लोगों ने युवक के सिर के आधे बाल और दाढ़ी भी काट दी। सैकड़ों लोग युवक पर जुल्म ढाते रहे। पुलिस को काफी देर बाद इसकी भनक लगी। आनन-फानन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक को लोगों के चंगुल से मुक्त कराया।
गांव अड़ींग निवासी मनोज पुत्र ओमप्रकाश पर आरोप है कि वह गांव के लोगों की रिश्तेदारी में जाकर लोगों को अलग-अलग तरीके से ठगी का शिकार बनाता है। बुधवार की सुबह लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसे खंभे से हाथ बांध कर उसकी पिटाई की। लोगों ने उसके सिर के आधे बाल और दाढ़ी भी काट दी।
गांव के मेघश्याम ने बताया कि युवक गांव के लोगों की रिश्तेदारी में जाकर लोगों से हजारों रुपये ठग लाता है। उधर, सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के रिश्तेदार भी पहुंच गए। अड़ींग चौकी पर तैनात एसआई जशपाल सिंह ने युवक को लोगों से मुक्त कराया। उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पीड़ित मनोज ने इशाक, सलमा पत्नी पिंटू निवासी गोविंद नगर मथुरा, भूपेंद्र पुत्र बनबारी लाल निवासी हाथरस, तारा सिंह एवं अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एसपी क्राइम अशोक कुमार मीणा का कहना है कि लोगों को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इस प्रकार का कृत्य करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।