नवीन मंडी क्षेत्र में आगरा रोड पर प्रतिबंधित रहेगा यातायात
- फोटो : अमर उजाला डेमाे
मैनपुरी। नवीन मंडी परिसर में गुरुवार को होने वाली मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंडी क्षेत्र में आगरा रोड पर यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए तीन जगह से रूट डायवर्ट किए गए हैं। रूट डायवर्जन गुरुवार सुबह पांच बजे से मतगणना समाप्ति तक लागू रहेगा। आगरा से मैनपुरी की ओर आने वाले वाहनों को कुरावली तिराहा से पड़रिया चौराहा औंछा रोड होते हुए शीतला देवी मंदिर के रास्ते गुजारा जाएगा। घिरोर में कुरावली तिराहे पर बैरियर लगाया जाएगा।
साथ ही दूसरे डायवर्जन के तहत मैनपुरी से घिरोर-आगरा की ओर जाने वाले वाहनों शीतला देवी मंदिर से औंछा रोड, पड़रिया चौराहा होते हुए जाएंगे। ज्योंति रोड तिराहा पर बैरियर बनाया गया है। इसके साथ ही तीसरा बैरियर आगरा रोड स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के पास लगाया गया है। तीसरे डायवर्जन के तहत घिरोर दन्नाहार की ओर से आने वाले हल्के वाहन ब्रह्मदेव मंदिर से दाहिने बंबा रोड बैजनाथपुर गांव होते हुए इटावा रोड से ईशन नदी पुल पर जाएंगे।
मतगणना के समय चप्पे-चप्पे में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मंडी परिसर की सुरक्षा तीन स्तरों में होगी। अंदर की सुरक्षा व्यवस्था में एएसपी, चार सीओ और दस इंस्पेक्टर तैनात रहेंगे। साथ ही एक इंस्पेक्टर, चार एसआई, 18 सिपाही प्रत्येक पंडाल में तैनात रहेंगे। तीन पंडाल पर एक सीओ की ड्यूटी हमराह फोर्स के साथ रहेगी। साथ ही पीएसी और क्यूआरटी की भी तैनाती रहेगी। मतगणना के वक्त पुलिस टीमें शहर भर में गश्त पर रहेंगी। शहर के सिंधिया तिराहा, करहल चौराहा, भांवत चौराहा, ईशन नदी पुल, क्रिश्चियन तिराहा, औंछा तिराहा आदि क्षेत्रों पुलिस की मोबाइल टीमें गश्त पर रहेंगी।