शाम करीब सात बजे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। बताया गया है कि इसमें मुख्य आरोपी के साथ दो और युवक शामिल थे, जो पूरी तैयारी से आए थे। उनके पास तमंचे रखे हुए थे। हालांकि दोनों पक्षों में रंजिश थी, लेकिन किसी को ऐसा अनुमान बिल्कुल नहीं था कि अंतिम संस्कार के दौरान कोई ऐसी वारदात कर सकता है।
तीन आरोपियों के नाम सामने आए
घटना की खबर जैसे ही पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंची, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह और सीओ सकीट विक्रांत द्विवेदी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वहां परिस्थितियां देखीं और साक्ष्य जुटाए। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। इस दौरान तीन लोगों के नाम सामने आए। जिनकी तलाश में पुलिस देर रात तक जुटी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि मुनेश को दो गोली मारी गई हैं। दूसरी गोली पीठ में लगी है। शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया। सीओ सकीट ने बताया कि मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।