आगरा के शास्त्रीपुरम में रहने वाले फार्मा कंपनी के कर्मचारी की लाश शुक्रवार शाम को इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नाले में मिली। वो 13 दिसंबर को लापता हुए थे। उनके भाई का कहना है कि पुलिस ने तलाश में लापरवाही की। भाई की बाइक मिल गई थी। इसे चौकी पर खड़ा कर दिया गया। बाइक के नंबर से परिजनों को सूचना नहीं दी, जबकि गुमशुदगी लिखी थी। जब वो चौकी पर पहुंचे तो बाइक देखी। जिस स्थान पर बाइक मिली थी, वहीं पर नाले में लाश भी पड़ी थी।
शास्त्रीपुरम ए ब्लाक के रहने वाले यतेंद्र मोहन (36) 13 दिसंबर को घर से एक फार्म हाउस में शादी समारोह में गए थे। इसके बाद घर लौटकर नहीं आए। रात में घर नहीं आने पर उनकी तलाश की। दूसरे दिन सुबह भी देखा। फार्म हाउस के सीसीटीवी फुटेज में वो रात तकरीबन 9:49 बजे निकलते हुए नजर आए। काफी खोजबीन पर जब वो नहीं मिले तो गुमशुदगी की तहरीर दी।
उनके भाई सत्येंद्र मोहन ने बताया कि यतेंद्र के लापता होने के बाद पुलिस ने लापरवाही की। दो दिन बाद गुमशुदगी दर्ज की गई। उसका मोबाइल बंद जा रहा था। शुक्रवार को वो भाई की तलाश में एक चौकी से दूसरी चौकी पर भटक रहे थे। इंडस्ट्रियल एरिया चौकी पर पहुंचे। यहां पर भाई की बाइक खड़ी हुई थी। इसे पहचान लिया।