आगरा के थाना लोहामंडी क्षेत्र की एक किशोरी को युवक बहला कर ग्वालियर ले गया। होटल में तीन दिन तक दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 17 जुलाई को घर से लापता हो गई थी। उन्होंने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार को एक युवक पर शक हुआ। पुलिस जांच करने के लिए युवक के घर पहुंची। जानकारी होने पर युवक ने बेटी को डराया और धमका कर किसी को कुछ बताने से मना किया। बेटी को क्षेत्र में छोड़ गया। बेटी ने डर के कारण पुलिस को अपनी मर्जी से नानी के घर जाने की बात कह दी।
पुलिस ने किशोरी को परिजन के सपुर्द कर दिया। गुमसुम रहने पर मां ने बेटी से बात की तो उसने पूरी बात बता दी। सोमवार को मां ने थाना लोहामंडी में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने उसे जेल भेजा है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया है। कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए जा रहे हैं।