फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक हजार लोगों के एक करोड़ रुपये लेकर लॉटरी संचालक फरार, पीड़ितों ने किया हंगामा

Mon, 29 Jun 2020 10:16 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

  • स्थानीय लोगों ने बताया कि लॉटरी संचालक एक हजार लोगों के लगभग एक करोड़ लेकर भागा है।
विज्ञापन
लोगों ने किया हंगामा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के छत्ता क्षेत्र के फ्रीगंज में लॉटरी (बीसी) संचालक फरार हो गया। रविवार को घर के गेट पर ताला लगा मिलने पर लोगों ने हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग माने। लोगों ने बताया कि लॉटरी संचालक एक हजार लोगों के लगभग एक करोड़ लेकर भागा है।

विज्ञापन


लाटरी संचालक फ्रीगंज की कोयला वाली बस्ती में रहता है। यहीं के टिंकू ने बताया कि संचालक कई साल से लॉटरी का काम कर रहा है। वह 53 सप्ताह के लिए रुपये जमा कराता है। इसके बाद ब्याज सहित लौटाने का वादा करता है। जिन लोगों को बीच में रुपयों की जरूरत होती है, उन्हें ब्याज पर रकम दे देता है।


इसके बाद लोग किश्त देते रहते हैं। टिंकू ने तकरीबन आठ हजार रुपये महीने जमा कराए थे। अब एक साल पूरा होने पर रकम लेने की तैयारी थी। मगर, इससे पहले ही लॉटरी संचालक फरार हो गया। आस पास के लोगों से पूछा तो उन्होंने बताया कि वह रातों रात भागा है, किसी को कुछ नहीं बता गया। 
विज्ञापन


इन क्षेत्रों के लोगों की रकम फंसी

संचालक के पास फ्रीगंज, बेलनगंज, पथवारी, नुनिहाई, नरायच, मंडी सईद खां, बोदला, सदर क्षेत्र से लोग रुपये जमा कराने के लिए आते थे।

ताला बंद मिलने से खुला मामला

गौतम नगर निवासी राजीव उसके पास 22 जून को लॉटरी की किस्त जमा कराने के लिए गया था। उसके घर ताला लटका था। उसने सोचा कि वह कहीं रिश्तेदारी में गया होगा, फोन मिलाया तो स्विच ऑफ था। राजीव शनिवार को फिर से आया, तो अब भी ताला बंद मिला। 

उसने अन्य लोगों को बताया तो बात फैल गई। रविवार को बड़ी संख्या में लोग आ गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। इसकी जानकारी पर थाना हरीपर्वत पुलिस पहुंच गई। मगर, मामला थाना छत्ता क्षेत्र का था। इस कारण पुलिस ने छत्ता थाना में शिकायत करने की कही।

पीर कल्याणी की सावित्री देवी ने कहा कि मैंने अपनी बेटी की शादी के लिए रुपये जोड़े थे। हर सप्ताह रकम देती थी। लॉटरी संचालक पर तकरीबन ढाई लाख रुपये जमा कराए थे। मगर, अब वह फरार हो गया है। मैं अब क्या करूंगी। पैसा फंस गया। पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।

नीम दरवाजा के नीरज ने बताया कि मैं छह महीने से दो हजार रुपये हर महीने जमा कर रहा हूं। लॉटरी संचालक के फरार होने के बारे में पता चलने पर आया हूं। पुलिस कार्रवाई करके आरोपी से रुपये दिलाए। विमलेश ने कहा कि मैंने पाई-पाई करके डेढ़ लाख रुपये जमा कराए थे। मगर, अब लॉटरी संचालक फरार हो गया है। रिपोर्ट दर्ज कराएंगे ।
विज्ञापन

पहले भी फंस चुका लोगों का पैसा

शहर में लोगों का पैसा लेकर पहले भी लॉटरी संचालक फरार हो चुके हैं। थाना जगदीशपुरा, छत्ता, हरीपर्वत क्षेत्र में लॉटरी संचालक फरार हो चुके हैं। लोग शिकायत करते हैं। रुपये वापस लेने के लिए भटकते रहते हैं। 

इसी तरह पिछले दिनों महिलाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने के नाम पर रकम लेकर एक एनजीओ का संचालक फरार हो गया था। महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। मगर, आरोपी नहीं पकड़ा जा सका था।

तलाश कर रही है पुलिस : एसपी सिटी

एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने कहा कि लॉटरी संचालक के पैसा लेकर भाग जाने की जानकारी मिली है। पुलिस को उसकी तलाश में लगाया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। लोग तहरीर देंगे तो केस दर्ज किया जाएगा ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें