मैनपुरी में प्रदर्शन करते युवा
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के लोहिया पार्क में शुक्रवार को सैकड़ों बेरोजगार युवा एकत्रित हुए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती किए जाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी युवाओं ने चेतावनी दी कि अगर शिक्षक भर्ती नहीं हुई तो वे लोग वोट भी नहीं देंगे। करीब दो घंटे धरना प्रदर्शन के बाद युवाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में रिक्त पदों पर शिक्षकों की भर्ती की मांग की गई है।
मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में 51112 पद रिक्त होने का हलफनामा सुप्रीम कोर्ट में दिया है। कोर्ट ने सरकार को रिक्त पदों पर नियुक्ति के निर्देश दिए थे लेकिन इसके बाद भी सरकार ने रिक्त पदों पर नियुक्ति शुरू नहीं की है। सरकार प्रशिक्षित बेरोजगारों के हितों का ख्याल रखते हुए रिक्त पदों पर नियुक्ति करे।
'जल्द शुरू हो शिक्षकों की भर्ती'
युवाओं ने ज्ञापन में कहा है कि सरकार द्वारा अलग-अलग रिक्त पदों को लेकर दी गई जानकारी भी भिन्न है। आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी में सरकार ने 173795 पद रिक्त बताए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए। प्रदर्शन में अंकित शर्मा, तानवी शर्मा, पारूल राठौर, अभिजीत सिंह, राहुल यादव, पारस दुबे आदि बेरोजगार शामिल रहे।