एसडीएम सदर ने विकास भवन के सामने स्थित दुकानों पर छापा मारकर प्रतिबंधित मछली जब्त की। पकड़े गए विक्रेताओं से पूछताछ के बाद उनके घरों से भी बड़ी मात्रा में मछली जब्त की गई। एसडीएम ने मत्स्य विभाग को मछली नष्ट कराने के साथ विक्रेताओं और आपूर्ति करने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
दुकानदारों में मची खलबली
एसडीएम ऋषिराज ने सूचना पर विकास भवन के सामने संचालित दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान मौके से एक वाहन दुकानों पर आपूर्ति करते हुए पकड़ा गया। मौके से दो दुकानदार राजीव कश्यप और आदेश कश्यप के साथ ही चालक सैफ को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मछली की पहचान की तो वह थाई मांगुर मछली थी। पूछताछ में आदेश कश्यप के घर में बड़ी मात्रा में स्टॉक रखे होने की जानकारी मिली। जानकारी पर एसडीएम पुलिस बल के साथ आगरा रोड स्थित उसके घर पहुंचे। यहां से दो क्विंटल प्रतिबंधित मछली जब्त की गई। एसडीएम ने मछली नष्ट कराने के साथ ही पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
घर से ताला लगाकर भाग गए परिवारीजन
विक्रेता द्वारा घर पर थाई मांगुर मछली का बड़ा स्टॉक होने की जानकारी एसडीएम को दी गई। इसके बाद एसडीएम पुलिस बल के साथ घर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। आसपास जानकारी करने पर पता चला कि परिवार के लोग कुछ देर पहले ही ताला लगाकर गए हैं। बाद में विक्रेताओं ने खुद ही अपने घर के ताले तोड़कर मछली जब्त कराई।
एसडीएम सदर, ऋषिराज का कहना है कि थाई मांगुर मछली का विक्रय पूर्णत: प्रतिबंधित है। इसके सेवन से कैंसर होता है। बुधवार को प्रतिबंधित मछली की बिक्री की सूचना मिली थी। छापा मारकर मछली जब्त करने के साथ ही विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है।
एटा: किशोरी ने पिता-पुत्र पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस