आंधी और बारिश से किसानों की गेहूं की फसल पर संकट है। तेजी से चल रही गेहूं की कटाई पूरी तरह से बंद पड़ी है। अगले चार दिनों तक मौसम विभाग ने हल्के बादल के साथ मौसम साफ रहने की बात कही है, लेकिन 18 से फिर से बारिश का खतरा बताया है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं।
पिछले तीन दिन से हर दिन हो रही बारिश के कारण किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल की कटाई औ मढ़ाई का कार्य पूरी तरह से बंद पड़ा हुआ है। बारिश के कारण गेहूं की फसल इतनी भीग गई है कि उसकी अगले एक सप्ताह तक थ्रेसिंग नहीं की जा सकती। वहीं, गेहूं की कटाई भी तीन से चार दिन तक बंद ही रहेगी।
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट में बताया गया कि अगले तीन से चार दिन तक मौसम साफ रहेगा छुटपुट बादल छा सकते हैं। लेकिन मौसम विभाग ने 18 अप्रैल से फिर से पानी का दबाव बनने की जानकारी दी है। इससे किसानों की फसल पर बड़े संकट का खतरा बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार से मौसम साफ रहेगा। अगले चार दिन तक बारिश नहीं होगी छुटपुट बादल छा सकते हैं। 18 से फिर से पानी का खतरा है। ऐसे में किसानों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी जितनी फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा सकते हैं पहुंचा दें।