मैनपुरी। थाना दन्नाहार पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तेल आदि चोरी के मामले में वांछित चल रहे एक गैंगस्टर को तमंचा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक कार, चोरी किया गया तेल, नकदी आदि काफी सामान बरामद हुआ। रविवार को एसपी ग्रामीण अनिल कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।एसपी गणेश प्रसाद साहा की ओर से खुलासे को लेकर पुलिस टीम को कार्रवाई में लगाया था। रविवार को सूचना मिली कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाला गैंगस्टर क्षेत्र में आया है। टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कस्बा चौराहा के पास दबिश देकर कुलदीप उर्फ गब्बर निवासी बांसमई थाना नवाबगंज फर्रुखाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक कार भी मिली, जिसमें वह ट्रांसफार्मर से चुराए गए 190 लीटर तेल को बेचने के लिए ले जा रहा था। तमंचा कारतूस के अलावा, 8 हजार रुपये की नकदी, कटर आदि भी बरामद हुआ। एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को चालान कर जेल भेजा गया है।
गैंगस्टर पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
एसपी ग्रामीण ने बताया कि पकडे़ गए कुलदीप उर्फ गब्बर के खिलाफ फतेहगढ़ सहित अलग अलग थानों में करीब 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना एलाऊ और फतेहगढ़ जनपद फर्रुखाबाद कोतवाली की पुलिस आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर चुकी है। चोरी, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं।