एसआईटी में इटावा एसपी सहित चार अन्य पुलिसकर्मी शामिल
जानकारी के अनुसार नवोदय विद्यालय में छात्रा मौत के मामले में जांच के लिए एडीजी की अध्यक्षता में बनाई गई टीम में एक एसपी सहित चार अन्य पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में बनी टीम के अध्यक्ष एडीजी कानपुर जोन भानु भास्कर, आईजी एटीएस लखनऊ जीके गोस्वामी, आईजी कानपुर मोहित अग्रवाल, एसपी मैनपुरी अशोक कुमार राय, एएसपी एसटीएफ आगरा राकेश यादव और सीओ कानपुर देहात तनु उपाध्याय हैं।
विवेचना में सहयोग के लिए अब जनपद इटावा के एसपी अपराध ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, कन्नौज से निरीक्षक पूनम अवस्थी, बाराबंकी से निरीक्षक धीरज कुमार और जनपद फिरोजाबाद से उप निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा को भी टीम में शामिल किया गया है।
एसआईटी ने लिया अब तक की कार्रवाई का ब्योरा
छात्रा की मौत के मामले में एसआईटी की जांच का पहला चरण शुक्रवार से ही शुरू हो गया। डीजीपी के साथ लखनऊ में हुई बैठक में एसपी हरदोई अजय कुमार पांडेय, एसपी उन्नाव अविनाश पांडेय भी मौजूद रहे। दोनों ही अधिकारी पूर्व में जनपद में तैनात रह चुके हैं। वहीं मामले की जांच भी इनके द्वारा की गई। एसआईटी ने दोनों ही तत्कालीन एसपी से भी मामले में की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली।
नामजद आरोपी पुलिस हिरासत में
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसआईटी द्वारा मामले में कार्रवाई तेजी के साथ शुरू कर दी गई है। मामले में नामजद किया गया छात्र पुलिस की हिरासत में है। हालांकि अधिकारी अभी उसकी गिरफ्तारी के संबंध में कुछ भी औपचारिक जानकारी नहीं दे रहे हैं।