मैनपुरी। बारिश में सब्जियों के बाद फलों से बढ़े दाम ने ग्राहकों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले एक माह में सेब के दाम में 50 और केला के दाम में 20 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। फलों के दाम बढ़ने से ग्राहकों की जेब पर अधिक बोझ पड़ रहा है।
सावन के सोमवार को श्रद्धालु व्रत रहते हैं। घरों और मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान होते है। ऐसे में फलों की मांग अधिक हो जाती है। बारिश के मौसम में सब्जियों के दाम बढ़ने के बाद अब फलों के दामों में भी उछाल आया है। बाजार में सेब और केला के दाम पिछले 30 दिनों से 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ने से ग्राहकों की दिक्कतें बढ़ गई है।
फल विक्रेता खालिद ने बताया कि बारिश में फलों की कम आवक के कारण दामों में बढ़ोतरी होती है। पिछले एक माह सेब 180 से 200 रुपये किलो बिक रहे थे, वहीं अब सेब 240 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है। सावन के दिनों में केला की मांग बढ़ने से उसके दामों में भी उछाल आया है। केला 30 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 45 से 50 रुपये किलो तक बिक रहा है।