मैनपुरी में भाजपा को वोट देने के विवाद में महिला पर जानलेवा हमले के आरोपी का घर ढहाने के लिए सोमवार की रात पुलिस बुलडोजर लेकर गांव भिटारा पहुंची। पता चला कि आरोपी के घर में दो हिस्सेदार हैं, पैमाइश होने तक पुलिस ने कार्रवाई को रोक दिया। आरोपी रिंकू की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
किशनी थाना क्षेत्र के गांव भिटारा निवासी बालक राम रविवार की शाम अपने घर पर था। उसका आरोप है कि गांव निवासी रिंकू यादव अपने दो साथियों के साथ वहां आया और भाजपा को वोट डालने को लेकर गालियां देते हुए फायरिंग कर दी। बीच बचाव करने आई बालक राम की पत्नी रामदेवी गोली लगने से घायल हो गईं थीं। आरोपी ने बालक को अगवा करने की कोशिश भी की थी, उक्त घटना के बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही है। सोमवार की देर रात प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह बड़ी संख्या में पुलिस और बुलडोजर लेकर आरोपी रिंकू यादव का घर ढहाने के लिए पहुंच गए। पुलिस को देख गांव के लोग एकत्र हो गए।