मैनपुरी विकास भवन में तैनात एक कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिला है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। बुधवार को विकास भवन पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कोरोना जांच के लिए नमूने लिए। जांच के लिए नमूने मेडिकल कॉलेज आगरा भेजे गए हैं।
मैनपुरी में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार शाम को विकास भवन के जिला विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद विकास भवन में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग की एक टीम बुधवार को विकास भवन पहुंची। टीम ने विकास भवन कर्मचारियों की आरटीपीसीआर जांच कराने के लिए नमूने लिए। 34 कर्मचारियों के कोरोना जांच के लिए नमूने लिए गए। सभी नमूने स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेजे हैं। दो दिन में इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आएगी।