अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव में हम जीत ही रहे हैं, विधानसभा चुनाव में जिन बूथों पर कुछ वोटों से हमारी हार हुई थी। सभी कार्यकर्ता मिलकर उन ग्राम पंचायतों में जाएं और वहां के लोगों को हाथ जोड़कर निवेदन करें। उन्हें मनाएंगे तो वह मान जाएंगे। वो लोग भी हमारे साथ आ जाएंगे। हमारी लड़ाई भाजपा से नहीं है, हमारी लड़ाई सिर्फ करहल विधानसभा और जसवंत नगर विधानसभा से है। किस-किस विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को ज्यादा मतों से जीत दर्ज कराएंगे।
स्वामी प्रसाद ने भाजपा पर साधा निशाना
अखिलेश यादव से पहले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति योगी और मोदी की संपत्ति नहीं है। भाजपा सरकार ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह कार्य कर रही है। ईस्ट इंडिया कंपनी भारत से खजाना लूट कर इंग्लैंड भेज रही थी। उसी तरह योगी और मोदी देश की संपत्ति को अदाणी और अंबानी के हाथों में दे रहे हैं।