बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं: गांव मई का उपस्वास्थ्य केंद्र
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड बाह के उप स्वास्थ्य केंद्र में कब्जा करके भूसा रख लिया गया है। इससे क्षेत्र के करीब 6 हजार लोग उपचार के लिए भटकने को मजबूर हैं। मई गांव के प्रधान गौरव मिश्रा ने इसकी शिकायत मुख्य विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी से की है। शिकायतीपत्र में उन्होंने लिखा है कि उप स्वास्थ्य केंद्र में भूसा भरे होने के अलावा दरवाजे, खिड़कियां टूटी हुई हैं। बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त पड़ी है। इसके कारण यहां घुमंतू पशुओं का डेरा जमा रहता है। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र को अतिक्रमण मुक्त कराने और जीर्णोद्धार कराकर संचालित कराने की मांग की है।
प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त कराया उप स्वास्थ्य केंद्र
ब्लॉक क्षेत्र के गांव विजयीगढ़ी में बदहाल पड़े उप स्वास्थ्य केंद्र को सोमवार को प्रशासन और पुलिस की टीम ने पहुंचकर अतिक्रमणमुक्त कराया। अस्पताल बंद होने के कारण यहां लोगों ने कब्जा कर रखा था। वे इसमें अपने पशुओं को बांध रहे थे। चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि जल्द ही सफाई-पुताई कराकर इसे संचालित कराया जाएगा।
विजयीगढ़ी गांव में करीब 10 साल पहले उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया था। पर, विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण यह बरसों से बंद पड़ा है। भवन भी जर्जर होने के साथ यहां गांववालों ने कब्जा जमा लिया। पहले परिसर में कूड़ा फेंका जाता था। बाद में कमरों में लोग कंडे और लकड़ियां रखने लगे। साथ ही ग्रामीण यहीं अपने पशुओं को भी बांध रहे थे।
विजयीगढ़ी में बदहाल पड़े अस्पताल भवन पर कब्जा करके ग्रामीण बांध रहे थे पशु
ग्रामीणों की शिकायत पर चिकित्सा प्रभारी ने लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस पर एसडीएम से शिकायत की गई। एसडीएम बाह अब्दुल बासित के निर्देश पर सोमवार को दोपहर एक बजे पुलिस और प्रशासन की टीम ने पहुंचकर उप स्वास्थ्य केंद्र को अतिक्रमणमुक्त कराया। ग्रामीणों को दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। चिकित्सा प्रभारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि जल्द ही सफाई और पुताई कराकर उप स्वास्थ्य केंद्र को संचालित कराया जाएगा।