माधौनगर में रंजिश के चलते अंजाम दी गई आगजनी की घटना के बाद वायरल हुए एक वीडियो ने घटनाक्रम की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच होगी। इसमें जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि उक्त घटना में अब तक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दो युवतियों का सैफई में उपचार चल रहा है।
माधौनगर (खरपरी) में 17 जून की रात रामबहादुर घर के एक कमरे में परिवार के सदस्यों के साथ सो रहे थे। रात को पड़ोस का रहने वाला मुरारी कश्यप घर में दाखिल हुआ और तेल छिड़ककर घर में आग लगा दी थी। आगजनी में रामबहादुर उनकी पत्नी सरला, दो पुत्रियां शिखा, रौली और दो साल का मासूम ऋषि गंभीर रूप से जल गए थे।
ऋषि ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। वहीं सैफई में उपचार के दौरान रामबहादुर व पत्नी सरला की मौत हो चुकी है। पुलिस पहले ही नामजद किए गए आरोपी मुरारी को जेल भेज चुकी है। इस बीच मंगलवार को सरला व एक अन्य घायल का वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह दो अन्य लोगों के नाम ले रहे हैं। कह रहे हैं कि मुरारी के साथ ही वह लोग भी आग लगाने की घटना में शामिल थे।