माधौनगर में रंजिश के चलते अंजाम दी गई आगजनी की घटना के बाद वायरल हुए एक वीडियो ने घटनाक्रम की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच होगी। इसमें जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि उक्त घटना में अब तक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दो युवतियों का सैफई में उपचार चल रहा है।
माधौनगर (खरपरी) में 17 जून की रात रामबहादुर घर के एक कमरे में परिवार के सदस्यों के साथ सो रहे थे। रात को पड़ोस का रहने वाला मुरारी कश्यप घर में दाखिल हुआ और तेल छिड़ककर घर में आग लगा दी थी। आगजनी में रामबहादुर उनकी पत्नी सरला, दो पुत्रियां शिखा, रौली और दो साल का मासूम ऋषि गंभीर रूप से जल गए थे।
ऋषि ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। वहीं सैफई में उपचार के दौरान रामबहादुर व पत्नी सरला की मौत हो चुकी है। पुलिस पहले ही नामजद किए गए आरोपी मुरारी को जेल भेज चुकी है। इस बीच मंगलवार को सरला व एक अन्य घायल का वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह दो अन्य लोगों के नाम ले रहे हैं। कह रहे हैं कि मुरारी के साथ ही वह लोग भी आग लगाने की घटना में शामिल थे।
वीडियो की जांच के साथ ही मजिस्ट्रेट बयानों का अवलोकन किया जा रहा है। तथ्यों आदि के आधार पर कार्रवाई होगी। जो भी दोषी होगा उसे सजा जरूर मिलेगी। कुछ लोग अफवाह भी फैला रहे हैं। ऐसे लोग बाज आएं नहीं तो उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अजय कुमार पांडेय, एसपी
पढ़िये पूरा घटनाक्रम
माधौनगर के एक घर में रंजिश के चलते आग लगा दी। आगजनी के दौरान दो वर्षीय मासूम की तो मौत उसी दिन हो गई थी। रविवार को पिता ने दम तोड़ दिया। अब मंगलवार को पत्नी सरला देवी ने भी दम तोड़ दिया। दो पुत्रियों का इलाज मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव माधौनगर में 17 जून की रात रामकुमार के घर में पड़ोसी मुरारी कश्यप ने रंजिश के चलते आग लगा दी थी। आग में जलने से रामकुमार, उनकी पत्नी सरला, पुत्री रौली, शिखा और दो साल का नाती ऋषि गंभीर रूप से जल गया था। इलाज के लिए ले जाते समय ऋषि की मौत हो गई थी।
रविवार को रामकुमार की भी मौत हो गई। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार गांव में पुलिस की मौजूदगी में हुआ था। मंगलवार को इलाज के दौरान सरला देवी ने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद सीओ अभय नरायन राय और इंस्पेक्टर कोतवाली ने गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई। परिजनों का कहना है कि रामबहादुर की दोनों पुत्रियों की हालत भी नाजुक है। पुलिस आरोपी मुरारी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।