आगरा के थाना एत्माद्दौला में एक पति ने पत्नी के खिलाफ शिकायत की है। आरोप लगाया कि पत्नी ने चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर दे दी। बेहोश होने पर गहने और रुपये लेकर फरार हो गई। पुलिस ने युवती के परिजनों को थाने पर बुलाया। हालांकि परिजनों को भी बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने युवती की गुमशुदगी दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।
घटना एत्माद्दौला के नगला मोहनलाल की है। यहां के रहने वाले युवक की शादी को 50 दिन हुए हैं। उसकी पत्नी खंदौली क्षेत्र की रहने वाली है। माता-पिता बाहर रहते हैं। शुक्रवार को पति ने थाना में शिकायत कर कहा कि बुधवार रात को परिवार के लोग शादी समारोह में गए थे। घर पर युवक, उसकी पत्नी और पिता थे। आरोप लगाया कि पत्नी ने उसे और पिता को चाय पिलाई, जिसे पीने के बाद दोनों बेहोश हो गए।
इसके बाद पत्नी घर से गहने और जेवरात लेकर चली गई। सुबह जागने पर घटना का पता चला। पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। थाना के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी ने बताया कि युवती के परिजनों को थाने बुलाया गया। उन्होंने आरोप को गलत बताया। कहा कि बेटी कहीं चली गई है। इस पर युवती की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ-एक्सप्रेसवे पर हादसा: बहनोई का शव लेने आगरा आए युवकों की कार दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत