घरेलू सिलिंडर एक बार फिर महंगा हो गया है। घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत पर 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं व्यावसायिक सिलिंडर पर 8.50 रुपये की कटौती की गई है। ऑल इंडेन गैस डिसटीब्यूटर्स एसोसिएशन आगरा संभाग के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलिंडर अब 1065.50 रुपये में उपभोक्ताओं को मिलेगा। इससे पहले इसकी कीमत ₹1015.50 रुपये थी। 19 किलो का व्यावसायिक सिलिंडर अब 2062 रुपये का हो गया है। बीते महीने इसकी कीमत 2070. 50 रुपये थी। इसी महीने व्यावसायिक सिलिंडर पर 191. 50 रुपये कम हुए थे। बुधवार से नई दर लागू हो गई है।
एक मार्च : 912.50 रुपये
अप्रैल : 2295.50 रुपये
मई : 2398 रुपये
जून : 2070.50 रुपये
जुलाई : 2062 रुपये
घर का खर्च बढ़ रहा
राजपुर चुंगी निवासी आरती पाराशर ने कहा कि रसोई गैस के दाम लगभग हर महीने बढ़ रहे हैं, इससे घर का खर्च बढ़ रहा है। सिलिंडर पर सब्सिडी करीब 12 रुपये ही मिल रही है। सब्सिडी बढ़कर मिले तो भी कुछ राहत मिले।
बचत नहीं हो पा रही
अंकिता गौतम ने कहा कि सीमित आमदनी में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। आमदनी भी नहीं बढ़ी है। गैस, तेल समेत अन्य खाने-पीने का सामान पर दाम बढ़ने से बचत भी नहीं हो पा रही।