आगरा में मुरादाबाद से भागे प्रेमी युगल को ताजमहल पर बैग छोड़ देने की भूल भारी पड़ गई। बैग में सोने के आभूषण मिलने पर एएसआई कर्मियों ने बैग देने से पहले उनके बारे में तस्दीक की तो मुरादाबाद पुलिस के इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों घर से भागे हुए हैं, उनकी रिपोर्ट दर्ज है। लिहाजा दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दें, वह आगरा से कस्टडी में ले लेंगे।
ताजमहल पूर्वी गेट पर एक लावारिस बैग मिलने पर उसे सीसीटीवी कैमरों के सामने खोला गया। उसमें 50 ग्राम सोने के आभूषण निकले। इस पर एएसआई की टीम ने ताजमहल में उद्घोषणा करवाई कि जिसका बैग रह गया है वह उसे ले जाए। कुछ ही देर में मुरादाबाद के मुगलपुरा, द्वितीय लाल स्कूल निवासी अनस अली (19) अपने साथ एक युवती को लेकर आया। युवती ने बताया कि वह बैग जल्दबाजी में छोड़ गई थी, इसमें उसके आभूषण हैं। दोनों से पहचान के दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो उनके पास आधार कार्ड या अन्य कोई पहचान पत्र नहीं था।
इस तरह शक बदला यकीन में
शक होने पर एएसआई के कर्मचारियों ने युवक से घरवालों से मोबाइल पर बात कराने को कहा। जैसे ही अनस ने अपने घरवालों को कॉल किया वैसे ही एएसआई कर्मी ने मोबाइल उससे ले लिया। दूसरी ओर से आवाज आई कि वह सब इंस्पेक्टर जयदेव मुरादाबाद से बोल रहे हैं। दरअसल अनस का मोबाइल सर्विलांस पर लगा था। उन्होंने बताया कि यह लड़का, लड़की को लेकर भागा है। थाने में एफआईआर दर्ज है। इस लड़की की शादी तीन चार माह पहले ही दूसरे लड़के के साथ हुई थी। आप इन्हें रोक लीजिए, हम लोग आगरा आकर कस्टडी में ले लेंगे। इसके बाद प्रेमी युगल को सीओ ताज सुरक्षा के माध्यम से थाना ताजगंज भेजा गया।
शादीशुदा है युवती, लखनऊ के बाद आए आगरा
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार बालियान का कहना है कि मुरादाबाद की रहने वाली युवती अपने परिचित के साथ बाइक से पहले लखनऊ गई थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को दोनों आगरा आए थे। ताजमहल परिसर में चेकिंग के दौरान पकड़ लिए गए। युवती शादीशुदा है। उसके लापता होने के मामले में रिपोर्ट दर्ज थी। सूचना पर वहां की पुलिस आगरा आई। दोनों को लेकर चली गई।