उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सटे राजस्थान के भरतपुर में एक गांव के बाहर रेलवे ट्रैक के पास प्रेमी युगल ने एक साथ आत्महत्या कर ली। सुबह गांव के बाहर दोनों के शव देख सनसनी फैल गई। आपस में रिश्तेदारी के चलते परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस का मानना है कि इसी के चलते दोनों ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने दोनों के शवों को कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की शिनाख्त डीग के खोह थाना क्षेत्र के बरई निवासी मुकेश उर्फ मनीष (23) पुत्र रामसिंह गुर्जर तथा युवती की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के अस्तौली निवासी प्रिया (18) पुत्री भगवान सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। एएसआई हरवीर सिंह ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे रेलवे ट्रैक के आसपास के खेतों में काम करने वालों ने सूचना दी कि लड़का और लड़की के शव रेलवे ट्रैक के पास पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने बताया कि लड़के का शव रेलवे ट्रैक के पास बिछी गिट्टियों पर तो लड़की का शव ट्रैक से थोड़ा दूर पड़ा था। शिनाख्त के बाद दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। प्रांरभिक जांच में पता चला है कि मुकेश की अपने मामा ससुर की लड़की प्रिया से किसी रिश्तेदार के यहां शादी के दौरान मुलाकात हुई थी। इसके बाद उनकी नजदीकियां बढ़ गईं। मुकेश शादीशुदा है और अपनी पत्नी को मायके में ही छोड़ रखा है। वो और प्रिया शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों की परिजन राजी नहीं थे। सोमवार सुबह प्रिया घर से निकल गई और बाइक पर मुकेश के साथ बरई पहुंच गई। इस मामले में लड़की के परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है।
ये भी पढ़ें - भाई ने उजाड़ा बहन का सिंदूर: शादी के डेढ़ साल बाद ही साले ने जीजा को उतारा मौत के घाट, वजह जानकर हर कोई हैरान