कासगंज में एसपी सुशील घुले लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के गांव चकेरी के समीप यात्रियों के साथ हुई लूटपाट का पुलिस ने खुलासा कर चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है।
11 जुलाई की रात ढोलना क्षेत्र के चकेरी मोड़ पर बस से उतरे यात्रियों के साथ लूट की वारदात हुई। तमंचों के बल पर बदमाशों ने यात्रियों से लूटपाट की। मार पीटकर सोने के आभूषण और नकदी लूट ले गए। एसपी सुशील घुले ने घटना के खुलासे के लिए एएसपी डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी के निर्देशन में सीओ सिटी की टीम बनाई। मंगलवार की रात ढोलना थानाध्यक्ष रविंद्र बहादुर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश नगला झाबर के पास लूट की योजना बना रहे हैं। दिल्ली से आने वाली बस में लूटपाट की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। घेराबंदी कर लुटेरों को गिरफ्तार किया। पुलिस और लुटेरों के बीच भुठभेड़ भी हुई। गिरफ्तार आरोपियों में कासगंज कोतवाली के गांव नमैनी निवासी अजीत चौहान, कमल सिंह, इंद्रवीर और बाल अपचारी शामिल है। पुलिस ने लुटेरों के कब्जे से जेवरात और लूटी गई 21800 रुपये की नकदी बरामद की है। एसपी सुशील कुमार घुले ने लुटेरों से पूछताछ की है।
500 रुपये के लिए लुटेरा बना बाल अपचारी
कासगंज। लुटेरों में शामिल बाल अपचारी 500 रुपये के लिए लुटेरा बन गया। उसने पुलिस के समक्ष स्वीकारा कि आरोपी अजीत सिंह ने उसे चकेरी में लूटपाट की घटना के बाद 500 रुपये दिए थे और लूट की नई वारदात के बाद भी 500 रुपये देने का वादा किया था।
लुटेरे बोले यात्रियों को लूटने की थी योजना
कासगंज। लुटेरे अजीत सिंह ने पुलिस के समक्ष स्वीकारा कि दिल्ली से आने वाली बस का वह इंतजार कर रहे थे। मंगलवार की रात बस यात्रियों को लूटने की पूरी योजना थी। वारदात से पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
- गांव चकेरी में हुई लूटपाट की घटना का खुलासा कर दिया है। लुटेरों के कब्जे से नकदी आभूषण बरामद किए हैं।चार आरोपियों को जेल भेजा गया है। सुशील घुले, एसपी।