जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाह ने कहा कि किसान परेशान है। बेरोजगारी की समस्या बढ़ रही है लेकिन, मोदी सरकार का ध्यान इस ओर नहीं हैं।
मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाकर प्रतिदिन नए मुद्दे लाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। वह पटियाली के एसबीआर इंटर कॉलेज में जनअधिकार पार्टी, कांग्रेस, अपना दल गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार निजीकरण को बढ़ावा देकर ठेकेदारी लाना चाहती है, जिससे रोजगार के अवसर खत्म हो जाएंगे। संविधान के तहत ओबीसी को आरक्षण का लाभ मिल रहा है लेकिन, इस व्यवस्था को समाप्त करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
बाबू सिंह कुशवाह ने कहा कि कांग्रेस किसानों की हितेषी पार्टी है। लोगों का मोह मोदी सरकार से भंग हो चुका है। जनता अब बदलाव लाना चाहती है। जिससे जनता का झुकाव फिर से कांग्रेस गठबंधन की ओर हो रहा है। अब देश में फिर से कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी। देश के प्रधानमंत्री राहुल गांधी होंगे।
सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ होगा। बेरोजगारों को 72 हजार रुपये सालाना दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वोट कीमती है। इसकी ताकत को पहचानों। यदि इसका सही प्रयोग नहीं किया तो पछताने से भी कोई लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने जनता से पार्टी प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा।
जनसभा को जनअधिकार पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इरफान इरशाद, प्रदेश महासचिव कैलाश लोधी, पायलट देवेंद्र शाक्य आदि नेताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशिलता चौहान, एटा जिला अध्यक्ष जसवीर सिंह, जनअधिकार पार्टी जिला अध्यक्ष संग्राम सिंह, एटा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह, रामनरेश शाक्य विपिन शाक्य, नितिन श्रीवास्तव, अखिलेश जबर सिंह, आदित्य बघेल, बालिस्टर सिंह, केशव कश्यप, देवेंद्र मासूम आदि मौजूद रहे।