लोकसभा चुनाव में इस दफा बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग मतदाताओं की सहूलियत का पूरा ख्याल रखा गया है। इन मतदाताओं को मतदान में कोई दिक्कत न हो इसके लिए आगरा जिला प्रशासन ने ई-रिक्शा की व्यवस्था की है।
मंगलवार को आरटीओ के प्रवर्तन दल की टीमों ने 133 ई-रिक्शा को अधिग्रहित कर लिया। मतदान के दौरान 335 ई-रिक्शा को लगाया जाना है। ये ई-रिक्शा बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लेकर जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव आयोग के निर्देश पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए ई-रिक्शा लगाए जा रहे हैं। इसके लिए आरटीओ की टीमों को 335 ई रिक्शा अधिग्रहित करने हैं। इन्हें अधिग्रहण के लिए नोटिस दिए जा रहे हैं।
प्रशासन देगा इतना किराया
मंगलवार तक 216 को नोटिस तामील कराए गए हैं। इसमें हर ई-रिक्शा चालक को 600 रुपये का किराया भी शाम को नगद दिया जाएगा। इसके बाद भी कई चालक ई रिक्शा देने में आनाकानी कर रहे हैं।
प्रवर्तन टीमों ने शाहगंज, न्यू आगरा क्षेत्र में कई ई-रिक्शा को पकड़कर नोटिस तामील करवाया, ताकि वह 18 की सुबह अपने क्षेत्र में आ सकें। इन रिक्शों पर नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवक ड्यूटी देंगे।
इसमें शाहगंज क्षेत्र में 38, जगदीशपुरा में 25, नाई की मंडी छह, लोहामंडी में 15, हरीपर्वत में 11, सदर क्षेत्र में 37, रकाबगंज में तीन, ताजगंज में 22, एमएम गेट में तीन, मंटोला क्षेत्र में दो, छत्ता क्षेत्र में सात, कोतवाली क्षेत्र में चार, न्यू आगरा में 28 और सिकंदरा में 11 ई रिक्शा लगाए जाएंगे