हेमा मालिनी और योगी आदित्यनाथ (फाइल)
सांसद हेमा मालिनी आज एक बार फिर भाजपा उम्मीदवार के तौर पर मथुरा संसदीय क्षेत्र से नामांकन करेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। पर्चा भरने से पहले मुख्यमंत्री योगी और हेमा मालिनी ने बांकेबिहारी मंदिर में पूजा कर ठाकुरजी का आशीर्वाद लिया।
लोकसभा चुनाव के द्वितीय चरण के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया में अब सिर्फ दो दिन बाकी रह गए हैं। भाजपा द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेमा मालिनी आज कलक्ट्रेट पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वृंदावन में बांकेबिहारी के दर्शन कर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंच जाएंगे।
नामांकन के बाद हेमा मालिनी के समर्थन में मुख्यमंत्री की चुनावी सभा सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज में होगी। इसके लिए सभा स्थल और मंच को भगवा रंग से सजा दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभा स्थल का जायजा भी लिया। सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। भाजपा नेता भी सभा की तैयारियों में दिन भर जुटे रहे।