आगरा के लोहामंडी थाने को मॉडल थाना बनाया जा रहा है। इसमें पुलिस और पब्लिक दोनों को राहत पहुंचाने की योजना है। पुलिस के लिए खास यह है कि यहां के स्टाफ को सिर्फ आठ घंटे ड्यूटी देनी होगी।
24 घंटे में तीन शिफ्टों के हिसाब से ड्यूटी लगेगी। पब्लिक के लिए हेल्प डेस्क खोली जाएगी। थाना में प्रवेश करते ही हर जरूरी जानकारी मिलेगी। फोन से भी प्रार्थनापत्र पर जांच की सूचना मिल जाएगी।
एसएसपी अमित पाठक की यह योजना है कि जिले में कम से कम एक थाना मॉडल बनाया जाए। इसमें दो थानों का चयन किया गया था। सदर और लोहामंडी। दोनों में जमीन काफी ज्यादा है। सदर में दिक्कतें भी ज्यादा मिलीं।
आठ घंटे की ड्यूटी के लिए 210 का स्टाफ की जरूरत है। फिलहाल 150 हैं यानी 60 और की तैनाती करनी पड़ती। लोहामंडी में 50 का स्टाफ मौजूद है। अगर 25 और बढ़ा दिए जाएं तो काम चल जाएगा। 25-25 की तीन शिफ्ट होंगी।