ताजनगरी में दो दिन का लॉकडाउन शुक्रवार रात 10 बजते ही लागू हो गया। शनिवार और रविवार को सख्ती रहेगी। डीएम प्रभु एन सिंह का कहना है कि अगर किसी को इलाज के लिए डॉक्टर के पास जाना है या रेल पकड़नी है तो वह जा सकता है।
इसी तरह कोई ट्रेन से आया है तो घर तक जा सकता है। ऐसे लोगों को रेल टिकट दिखाना होगा, यह ही पास का काम करेगा। अन्य लोगों का आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। न दफ्तर खुलेंगे और न ही बाजार।
डीएम ने बताया कि लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस जगह-जगह तैनात की गई है। दो दिन का ही लॉकडाउन है, इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे घरों के अंदर ही रहें। मेडिकल स्टोर खोले जाएंगे और दूध की आपूर्ति भी सुचारू रहेगी।