आगरा में लगातार बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर प्रदेश सरकार की चिंता भी बढ़ गई है। संक्रमण रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। शासन ने लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराए जाने के साथ सब्जी मंडी को बंद करने और गैरजरूरी पास भी निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद सोमवार से सख्ती और बढ़ा दी गई है।
प्रदेश सरकार कोविड-19 महामारी (कोरोना वायरस) के संक्रमण के मद्देनजर आगरा सहित 15 जिलों की स्थिति को लेकर ज्यादा चिंतित है। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने इन जिलों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व संबंधित मंडलायुक्तों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।
आगरा में सबसे ज्यादा 756 संक्रमित मिले
सरकार ने महामारी पर नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की तो 15 जिलों की स्थिति अत्यधिक संवेदनशील पाई गई। इनमें आगरा में सबसे ज्यादा 756 कोरोना संक्रमित मिले हैं। मुख्य सचिव ने अफसरों से कहा है कि इन जिलों में जारी किए गए पास की फिर से समीक्षा की जाए और अनावश्यक पासों को निरस्त कर दिया जाए।