यमुनापार के शाहदरा, ट्रांसयमुना कॉलोनी, नुनिहाई, रामबाग, नवलगंज क्षेत्र में मंगलवार सुबह 10 बजे के बाद पानी नहीं आएगा। जवाहर पुल से गुजर रही पानी की 750 एमएम की पाइपलाइन की मरम्मत का काम सुबह पानी की सप्लाई देने के बाद शुरू कर दिया जाएगा, जो बुधवार की रात तक चलने की उम्मीद है। इससे 60 हजार लोगों को दो दिन पानी नहीं मिल पाएगा।
सोमवार की शाम को एक वाल्व खराब हो जाने के कारण शाम की सप्लाई जब 40 मिनट लेट शुरू हुई तो लोग परेशान हो उठे। उन्होंने जलकल के कंट्रोल रूम पर फोन किया। इस पर लोगों को जानकारी दी गई कि वाल्व खराब हो जाने के कारण देरी से सप्लाई होगी। रात में 9 बजे की जगह 10 बजे तक यमुनापार के क्षेत्रों में पानी दिया गया ताकि लोग जमा कर सके।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि सुबह की सप्लाई के बाद पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। कोशिश की जाएगी कि जल्द से जल्द काम पूरा हो और बुधवार की शाम तक काम खत्म करने के बाद सप्लाई दी जा सके।
पूरे साल हम पानी के लिए परेशान रहते हैं लेकिन कोई व्यवस्था नहीं की गई। आखिर टैंकर के सहारे कब तक रहेंगे। - गौरी, गोकुल नगर
पाइपलाइन पड़े कई साल हो गए लेकिन पानी नहीं मिल पा रहा है। बीच-बीच में एक-दो बार पानी आया लेकिन समस्या बरकरार है। - बैजयंती, यमुनापार
पाइपलाइन पड़ी हुई है लेकिन अधिकारी इसे आकर चेक नहीं कराते कि आखिर कमी कहां है। सैकड़ों हजारों लोग पानी ना मिलने की वजह से परेशान हैं। -
मीरा गोकुल नगर