मैनपुरी की नगर पंचायत करहल की चेयरमैन ने एक महीने बाद भी ईओ (अधिशाषी अधिकारी) को ज्वाइन नहीं कराया है। लगातार ईओ ज्वाइनिंग के लिए प्रयास कर रहे हैं। अब मामले में स्थानीय निकाय निदेशक ने हस्तक्षेप करते हुए चेयरमैन को ज्वाइनिंग कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर पंचायत करहल में ईओ का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा है। शासन से 13 जून को प्रभात रंजन यादव को बतौर ईओ नियुक्त किया। 25 जून को प्रभात रंजन यादव ज्वाइनिंग के लिए करहल नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें चेयरमैन की ओर से ज्वाइन नहीं कराया गया।
ईओ की ओर से इस संबंध में डीएम से भी मुलाकात की गई, लेकिन उन्हें फिर भी कार्यभार ग्रहण नहीं कराया जा सका। अब इस मामले में सीधे स्थानीय निकाय निदेशक डॉक्टर काजल ने हस्तक्षेप किया है।
उन्होंने 11 जुलाई को चेयरमैन को पत्र जारी करके ईओ को ज्वाइन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस संबंध में इसकी सूचना देने के भी निर्देश दिए हैं। ज्वाइनिंग न कराने की स्थिति में राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि पर रोक लगाने और कार्रवाई की चेतावनी दी है।