आगरा के खंदौली में पुलिस और साइबर सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को खंदौली के मई चौराहे अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने ट्रक से करीब 45 लाख रुपये कीमत की 310 पेटी शराब बरामद की। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। शराब चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी।
बृहस्पतिवार को पुलिस टीम आगरा-हाथरस मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। मई चौराहे से पहले सादाबाद की ओर से आए काले रंग के तिरपाल से ढके ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक से विभिन्न ब्रांड की 310 पेटी शराब मिली। इनमें 1644 बोतल, 1800 अद्धे और 4704 पौव्वे शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार निवासी खुडाना, थाना सदर बाड़मेर, जिला बाड़मेर, राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से ट्रक, मोबाइल और 2064 रुपये भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चंडीगढ़ से शराब लेकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचता था। शराब को पुलिस से बचाने के लिए ट्रक के अंदर लकड़ी का बॉक्स बनाकर उसमें रखकर ले जाता है।
बॉक्स को प्लास्टिक पाइप की बोरियों से ढकने के बाद ऊपर से तिरपाल डाल दिया गया था। शराब चंडीगढ़ से विनोद ने लोड कराई थी और उसे बिहार के समस्तीपुर पहुंचाना था। पुलिस ने मामले में थाना खंदौली पर प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में पुलिस ने एक अन्य आरोपी विनोद उर्फ हिमांशु उर्फ पहलवान निवासी गुरुग्राम, हरियाणा को वांछित किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुछ दिन पूर्व जनपद मऊ में भी वाहन समेत शराब ले जाते समय पकड़ा गया था।