फतेहाबाद रोड की तरह धनौली एयरपोर्ट तक होगा विकास
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इनर रिंग रोड बनने के बाद फतेहाबाद रोड की तर्ज पर जगनेर रोड और धनौली का विकास होगा। अगले साल जुलाई में धनौली में एयरपोर्ट का काम पूरा होने और अक्तूबर तक संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
ऐसे में उससे पहले धनौली को नगर निगम सीमा में शामिल करने की कवायद शुरू कर दी गई है। बीते दिनों आगरा आए नोडल अधिकारी ब्रजेश नारायण सिंह ने मुख्य सचिव को भेजी रिपोर्ट में कहा है कि आगरा-जगनेर रोड पर सिविल एयरपोर्ट जिस जगह बनाया जा रहा है, वह क्षेत्र अभी ग्राम पंचायत के तहत आता है।
ऐसे में इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विकसित करना कठिन है। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि इस क्षेत्र को या तो नगर निगम सीमा में शामिल किया जाए या एक विशेष विकास जोन घोषित कर यहां योजनाबद्ध और तेजी से विकास कराया जाए।
नगर निगम ने शुरू की तैयारी
नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के बाद नगर निगम ने धनौली को नगर निगम सीमा में शामिल करने की कवायद शुरू कर दी है। नगर निगम के राजस्व विभाग के अधिकारी धनौली को लेकर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं कि उसके शामिल होने से निगम पर इसका कितना असर पड़ेगा ।
एयरपोर्ट आने के बाद इस क्षेत्र में तेजी से होटल, मॉल और रेस्तरां खुलना शुरू हो जाएंगे, ऐसे में भविष्य में नगर निगम को इसका फायदा मिल सकता है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के मुताबिक धनौली ग्राम पंचायत को नगर निगम सीमा में शामिल करने के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है, इसे शासन को भेजा जाएगा ।
एयरपोर्ट के बाहर बदल जाएगा नजारा
फिलहाल ग्राम पंचायत होने के कारण धनौली में सड़कों के किनारे कचरे के ढेर हैं। नाले पूरी तरह से चोक है और जगह-जगह गंदगी है। एयरपोर्ट बनने के बाद इस क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह से बदल जाने की उम्मीद जताई जा रही है। नोडल अधिकारी की रिपोर्ट में कहा गया है कि केवल रनवे और टर्मिनल बनाना ही पर्याप्त नहीं है। एयरपोर्ट के बाहर की तस्वीर भी बेहतर होनी चाहिए जो देश-विदेश से आने वाले अतिथियों को पहली झलक में ही आगरा की आधुनिकता को बयां करे।