मैनपुरी। तीन दिन बाद रविवार को पॉवर हाउस में खराब हुए दस एमवीए के ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया। अब लोगों को बिजली कटौती से राहत मिलेगी। दिन भर विभाग के कर्मचारी नए ट्रांसफार्मर से लाइन जोड़ने के काम जुटे रहे।
बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे पॉवर हाउस में लगा दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके चलते पॉवर हाउस रोड, नगला नया, भांवत चौराहा, अवध नगर, राधारमन रोड समेत अन्य मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई थी।
शाम तक दूसरे फीडरों से लाइन जोड़कर आपूर्ति तो किसी तरह शुरू करा दी गई थी, लेकिन रोस्टिंग के आधार पर ही आपूर्ति की जा रही थी। शनिवार को देर शाम आगरा से नया ट्रांसफार्मर मैनपुरी पहुंचा। अवर अभियंता श्यामकिशोर बिंद के नेतृत्व में रात में ही टीम उसे बदलने में जुट गई। रविवार को भी पूरे दिन टीम काम में जुटी रही। शाम को ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू कराई गई।
नया ट्रांसफार्मर आने के बाद तत्काल टीम को उसे बदलने के निर्देश दिए गए थे। रविवार तक काम पूरा करने के बाद नए ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
मागेंद्र कुमार अग्रवाल, अधिशासी अभियंता प्रथम।