हौंसला और हिम्मत हो तो मंजिल कदमों में होती है। यह साबित किया है जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी शिशुपाल ने। 35 वर्षीय कैदी के हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने से जेल में जश्न का माहौल है।
अकबरपुर छाता निवासी शिशुपाल सिंह पुत्र देवी सिंह को छाता पुलिस ने 19 फरवरी 2015 को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। वह तभी से जेल में निरुद्ध था। हत्या का आरोप लगते समय उसकी उम्र करीब 31 वर्ष की थी। 12 फरवरी 2017 को कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुना दी।
सजा मिलने के बाद शिशुपाल ने जेल अधिकारियों को बताया कि वह कक्षा आठ तक पढ़ चुका है अब हाईस्कूल की परीक्षा देना चाहता है। उसने अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद हाईस्कूल की परीक्षा का फार्म भरा था। परीक्षा देने के लिए उसे फिरोजाबाद जेल भेजा गया था।