मथुरा: तेंदुआ का शव मिलने के बाद पहुंची टीम
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जनपद में वृंदावन के समीपवर्ती गांव धौरेरा और अहिल्यागंज में रविवार को उस समय दहशत फैल गई, जब जंगल में तेंदुआ के आने का शोर मचा। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम को जमीन में दफन तेंदुआ का शव मिला। वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तेंदुआ कहां से आया और उसके मरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
गड्ढे में दबा था तेंदुआ का शव
रविवार की दोपहर अहिल्यागंज के जंगलों में वन्यजीव के आ जाने की सूचना पर वन विभाग के क्षेत्राधिकारी मेघराज शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अहिल्यागंज के आरक्षित वन क्षेत्र में एक गड्ढे में दबा हुआ तेंदुआ का शव बरामद कर लिया। शव से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस के साथ पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लिया। मेघराज शर्मा ने बताया कि शव दो वर्ष के तेंदुए का प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया उसके शरीर पर कोई बड़ी चोट के निशान नहीं दिखाई दिए, लेकिन मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ग्रामीणों ने देखा था पिछले दिनों
इधर, ग्रामीणों ने बताया पिछले दिन यह तेंदुआ भटकता हुआ खेतों की तरफ आ गया था। जहां किसी खेत में कटीले तारों की बाड़ में फंसकर वह घायल हो गया। बाद में मौत होने के बाद किसी ने जंगल में दफना दिया होगा। मेघराज शर्मा के मुताबिक इस इलाके में तेंदुआ या ऐसे किसी वन्यजीव के प्रमाण नहीं मिलते हैं। यह मध्यप्रदेश से भटककर यहां तक पहुंचा है और शव 24 घंटे पुराना है। उन्होंने बताया कि तेंदुए की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो पाएगा और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें...
मैनपुरी में जानलेवा बीमारी: बुखार से महिला सहित नौ मरीजों की मौत, एक गांव में मिले 50 से अधिक बीमार