कासगंज। पटियाली थाना क्षेत्र की एक महिला की कासगंज में किराए के मकान में उसके पति ने अपने भाई व दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी और शव बूढ़ी गंगा की खादर में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। अब पुलिस आरोपी भाई और दोस्तों की तलाश में नोएडा में डेरा डाले हैं।
पटियाली थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर की महिला शारदा पत्नी हरीराम अपने पति से झगड़े के चलते कासगंज में एक किराए के मकान में रहती थी। उसके पति ने भाई व दोस्तों के साथ मिलकर शारदा के अवैध संबंधों के शक में उसकी हत्या करके शव बूढ़ी गंगा की खादर में दफना दिया। शारदा की बहन रोशनी ने गुमशुदगी की सूचना पुुलिस को दी। उसको शक था कि शारदा के पति ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस ने पति हरीराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी हरीराम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति की निशानदेही पर महिला का कंकाल बरामद कर लिया। पति को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जबकि आरोपी भाई व दो दोस्त फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में नोएडा में डेरा डाले हुए है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गंगाप्रसाद ने बताया कि आरोपियों की लोकेशन नोएडा में मिली है। पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। शीघ्र ही जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तारी की जाएगी।