कुरावली। थाना पुलिस ने लुखरपुरा जाने वाले मार्ग पर बुधवार को चेकिंग के दौरान वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसका साथी भाग निकला। चोर के कब्जे से चोरी की दो बाइकें मिलीं। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया, वहीं पुलिस साथी की तलाश कर रही है।
थाना पुलिस बुधवार को क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी प्रभारी निरीक्षक ओमहरि बाजपेई को सूचना मिली कि वाहन चोर लुखरपुरा जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने एसआई राजकुमार व टीम के साथ लुखरपुरा जाने वाले मार्ग पर सघनता के साथ चेकिंग शुरू की। संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा करते हुए पेड़ के पास एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसका साथी चकमा देकर भाग गया।
पूछताछ करने पर वाहन चोर ने अपना नाम अजीत उर्फ भूरे निवासी नगला रत्ते बताया। भागे हुए साथी का नाम सौरभ निवासी गांव महलोई थाना औंछा बताया। पकड़े गए वाहन चोर के कब्जे से चोरी की दो बाइकें बरामद हुईं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद वाहन चोर को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया है।