कासगंज। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जांच और मरीज को भर्ती करने की अलग अलग व्यवस्था बनाई गई है। अलग अलग फेज के अस्पताल तैयार किए गए हैं।
संक्रमण की आशंका के मद्देनजर इससे निपटने के लिए ठोस तैयारियां की गई हैं। नौरथा स्थित डिग्री कॉलेज को अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों से आने वाले लोगों में यदि संक्रमण के लक्षण दिखाई देते हैं तो इसमें और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों में भर्ती कराया जाएगा।
यहां से सैंपल प्रयोगशाला भेजा जाएगा। यदि रिपोर्ट पोजिटिव आती है तो संबंधित को कोरोना अस्पताल घोषित किए गए जिला अस्पताल में भर्ती किया जाएगा और यदि रिपोर्ट निगेटिव आती है, फिर भी लक्षण बने रहते हैं तो क्वारंटीन के लिए कलावती आयुर्वेदिक अस्पताल गोरहा में भर्ती करा दिया जाएगा। 12 टीमें इन पर निरंतर निगरानी कर रहीं हैं।
- कोरोना संक्रमण से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है। चार अस्पतालों में व्यवस्था की गई है। जिला अस्पताल, सोरों स्वास्थ्य केंद्र, कलावती अस्पताल और नौरथा डिग्री कॉलेज को अस्पताल बनाकर व्यवस्था बनाई गई है- डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।