एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव नगला देवी में किशोर की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन
- फोटो : MAINPURI
अजीतगंज (मैनपुरी)। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला देवी में बृहस्पतिवार की शाम एक किशोर ने घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शव को लटका देख परिजनों के होश उड़ गए।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला देवी निवासी राधाकृष्ण का 14 वर्षीय पुत्र कन्हैया लाल बृहस्पतिवार की शाम घर में अकेला था। तभी उसने घर के बाहर का दरवाजा बंद कर लिया और आंगन में लगे नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बड़ा भाई ओमप्रकाश घर पर आया तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था।
उसने अंदर झांक कर देखा तो कन्हैया का शव नीम के पेड़ पर लटका दिखा। परिजनों में चीख पुकार मच गई। गांव के लोग जमा हो गए। पुलिस भी मौके पर आ गई। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष सुनील भारद्वाज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है।