आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। अब तक 10 मरीजों का पंजीकरण कराया गया है। पहले 25 मरीजों का किडनी ट्रांसप्लांट संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) लखनऊ के डॉक्टरों की निगरानी में चरणबद्ध तरीके से होगा। इसके लिए समझौता हुआ है।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इसके लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में एडवांस ऑपरेशन थिएटर बन गया है। चार चिकित्सक एसजीपीजीआई, लखनऊ से इसका प्रशिक्षण प्राप्त कर आए हैं। चार टेक्नीशियन 15 जनवरी को 15 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए लखनऊ जा रहे हैं। मार्च में टीम आगरा आ जाएगी। इसके बाद एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक स्वतंत्र रूप से सर्जरी करने लगेंगे। आयुष्मान कार्ड योजना और राशन कार्डधारकों को ट्रांसप्लांट का लाभ निशुल्क मिलेगा। अन्य के लिए करीब 3.50 लाख रुपये का शुल्क है।
जांच के नमूने दिल्ली, हैदराबाद भेजे
किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट के प्रभारी डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि 10 मरीजों का पंजीकरण हुआ है। इनकी जरूरी जांच कराने के लिए निजी कंपनी से समझौता हुआ है। इसकी लैब दिल्ली और हैदराबाद में है। मरीजों के नमूने लैब में भेजे जा रहे हैं। राशन कार्डधारक असाध्य रोग योजना में शामिल हैं, इनको डायलिसिस की तरह निशुल्क सुविधा मिलेगी।