आगरा की खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में रामनाथ सिकरवार पर भगवान सिंह भारी पड़े। एकतरफा मुकाबले में यहां भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह ने कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार को 36128 वोट से हराकर कमल खिलाया है। बसपा यहां तीसरे स्थान पर रही। रालोद-सपा गठबंधन सहित नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।
खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में दस फरवरी को 62.49 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया था। गुरुवार को 27 राउंड में मतगणना हुई। सबसे ज्यादा 96089 वोट भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह को मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ को 59961 वोट प्राप्त हुए। बसपा प्रत्याशी गंगाधर कुशवाह 28915 वोट प्राप्त कर यहां तीसरे स्थान पर रहे।
सपा-रालोद गठबंधन की जमानत जब्त
रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी रोतान सिंह की जमानत जब्त हो गई। उन्हें 13837 वोट मिले हैं। वैश्य, क्षत्रिय एवं कुशवाह बहुल इस सीट पर भाजपा ने यहां निवर्तमान विधायक महेश गोयल को टिकट काट कर बसपा से भाजपा में आए पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाह पर दांव लगाया था।